NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

प्रेस विज्ञप्ति

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद विधानसभा में ‘जनसंवाद हेल्पलाइन’ का किया शुभारंभ

77800 77100 पर दर्ज कराएं समस्या, टोकन नंबर के जरिए समाधान तक की पूरी प्रक्रिया की मिलेगी जानकारी

जनता की समस्याओं को सीधे सुनने, उन्हें दर्ज करने और समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री विपुल गोयल जी ने रविवार को ‘जनसंवाद हेल्पलाइन’ का शुभारंभ किया। सेक्टर-16 स्थित सागर सिनेमा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 77800 77100 हेल्पलाइन नंबर को फरीदाबाद विधानसभा की जनता को समर्पित किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि जनता की आवाज ही सबसे बड़ी ताकत है और उस आवाज को सुनना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच निरंतर संवाद लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है। इसी सोच के साथ ‘जनसंवाद हेल्पलाइन’ की शुरुआत की गई है, ताकि फरीदाबाद विधानसभा के नागरिकों को अपनी समस्याओं और सुझावों को सीधे हम तक पहुंचाने के लिए एक सरल, सहज और प्रभावी माध्यम उपलब्ध हो सके।
श्री विपुल गोयल ने कहा कि ‘आपकी समस्या, हमारी जिम्मेदारी’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि उनकी प्रतिबद्धता और संकल्प है। उन्होंने कहा कि इस हेल्पलाइन के माध्यम से जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। हमारा प्रयास रहेगा कि शिकायत केवल दर्ज होकर न रह जाए, बल्कि उसके समाधान तक उसकी लगातार निगरानी की जाए।

टोकन नंबर से मिलेगी शिकायत की प्रगति की जानकारी कैबिनेट मंत्री ने बताया कि जनसंवाद हेल्पलाइन की प्रक्रिया को बेहद सरल और पारदर्शी रखा गया है। नागरिकों को 77800 77100 पर कॉल कर अपनी समस्या बतानी होगी। कॉल के दौरान अपना वार्ड नंबर और मकान नंबर बताना होगा। इसके बाद संबंधित समस्या को दर्ज किया जाएगा और शिकायतकर्ता के व्हाट्सऐप पर एक टोकन नंबर भेजा जाएगा।

इस टोकन नंबर के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत पर हो रही कार्रवाई और उसकी प्रगति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों को अपनी समस्या के संबंध में जानकारी के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी।

बिजली, सड़क, पानी सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के लिए होगा माध्यम
श्री विपुल गोयल ने कहा कि जनसंवाद हेल्पलाइन के माध्यम से फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र की रोजमर्रा की नागरिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जा सकेगा। इनमें बिजली से संबंधित समस्याएं, सड़क एवं गलियों की समस्याएं, पानी की आपूर्ति, जलभराव, सफाई एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषय शामिल हैं। इसके साथ ही क्षेत्र के विकास से संबंधित सुझाव भी हेल्पलाइन के माध्यम से साझा किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए वहां के नागरिकों की भागीदारी और उनके सुझाव बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। जनता अपने क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को सबसे बेहतर तरीके से जानती है और जनसंवाद हेल्पलाइन के माध्यम से इन समस्याओं को सीधे सामने लाने का अवसर मिलेगा।

जनता और प्रशासन के बीच संवाद को और मजबूत करने की पहल कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए जनता से लगातार संवाद और जमीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी आवश्यक है। जनसंवाद हेल्पलाइन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो जनता और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करने तथा समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में मदद करेगी।
उन्होंने फरीदाबाद विधानसभा के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे 77800 77100 नंबर को अपने मोबाइल में सुरक्षित रखें और क्षेत्र से जुड़ी किसी भी समस्या, शिकायत अथवा उपयोगी सुझाव के लिए बेझिझक संपर्क करें।

श्री विपुल गोयल ने कहा कि फरीदाबाद विधानसभा का विकास और प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। जनता के साथ निरंतर संवाद, उनकी समस्याओं को सुनना और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना इसी संकल्प का हिस्सा है।
उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि फरीदाबाद की जनता को अपनी समस्या लेकर भटकना न पड़े, बल्कि समस्या हमारे संज्ञान में आए और उसके समाधान की दिशा में तुरंत प्रयास शुरू हों। जनसंवाद हेल्पलाइन इसी विश्वास और जिम्मेदारी को मजबूत करने का माध्यम है।”

कैबिनेट मंत्री ने सभी फरीदाबादवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि जनता के सहयोग, सुझाव और सहभागिता से मिलकर फरीदाबाद को विकास, सुशासन और बेहतर नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।

पार्षद सचिन शर्मा जी
प्रियंका बिष्ट बुधानी जी
कुलदीप साहनी जी ज्योति सिलानी जी
रूमा अजीत नंबरदार जी
स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।

Related posts

Translate »