फरीदाबाद हाफ मैराथॉन की सफलता में औद्योगिक प्रतिष्ठानों की भागीदारी महत्वपूर्ण : डीसी आयुष सिन्हा
फरीदाबाद हाफ मैराथॉन की सफलता में औद्योगिक प्रतिष्ठानों की भागीदारी महत्वपूर्ण : डीसी आयुष सिन्हा
– 27 सितंबर को सूरजकुंड मेला ग्राउंड में आयोजित होगी फरीदाबाद हाफ मैराथॉन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे फ्लैग ऑफ
फरीदाबाद, 9 सितंबर।
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि आगामी 27 सितंबर को सूरजकुंड मेला ग्राउंड में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथॉन को सफल बनाने में जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने औद्योगिक संगठनों एवं विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत अधिक से अधिक कर्मचारियों, विशेषकर युवाओं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस आयोजन में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हाफ मैराथॉन को फ्लैग ऑफ करेंगे।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथॉन का मुख्य संदेश ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ है। यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, युवा शक्ति, अनुशासन और नशामुक्त समाज के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद एक प्रमुख औद्योगिक जिला है और यहां बड़ी संख्या में युवा कर्मचारी एवं श्रमिक विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत हैं। ऐसे में उद्योग जगत की व्यापक भागीदारी इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
उन्होंने बताया कि हाफ मैराथॉन में 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की श्रेणियां रखी गई हैं। सामान्य प्रतिभागियों के लिए 5 किलोमीटर की श्रेणी है, जबकि नियमित एवं अनुभवी धावक 10 किलोमीटर तथा 21 किलोमीटर की श्रेणी में भाग ले सकते हैं। आयोजन रविवार को प्रातःकाल आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक कर्मचारी इसमें सहजता से भाग ले सकें।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि प्रशासन की ओर से प्रतिभागियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन औद्योगिक इकाइयों द्वारा उल्लेखनीय संख्या में कर्मचारियों को मैराथॉन में शामिल कराया जाएगा, उनकी भागीदारी को विशेष रूप से सराहा जाएगा। उत्कृष्ट भागीदारी करने वाले औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं उनके प्रतिनिधियों को आयोजन के दौरान सम्मानित किए जाने की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे अन्य औद्योगिक इकाइयों को भी अपने कर्मचारियों को खेल एवं स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथॉन जिले का महत्वपूर्ण आयोजन है और इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि यदि औद्योगिक इकाइयां अपने कर्मचारियों को संगठित रूप से इस आयोजन से जोड़ती हैं, तो इससे न केवल मैराथॉन की सफलता सुनिश्चित होगी, बल्कि युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली एवं नशामुक्त समाज के प्रति सकारात्मक संदेश भी जाएगा।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, नगर निगम जॉइंट कमिश्नर अमित मान, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

