आपसी समन्वय और बेहतर प्रबंधन से सफल बनाएं सेवा कार्यक्रम : डीसी आयुष सिन्हा
आपसी समन्वय और बेहतर प्रबंधन से सफल बनाएं सेवा कार्यक्रम : डीसी आयुष सिन्हा
– सेवा संकल्प अभियान के तहत सेक्टर-15 कम्युनिटी सेंटर से निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा
– सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम में होगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण
– गुरुग्राम से केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भी ऑनलाइन जुड़ेंगे सेवा कार्यक्रम से
– सेवा कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग ने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
फरीदाबाद, 6 अक्टूबर।
सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग ने आगामी सेवा कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश के सभी संबंधित जिला उपायुक्तों एवं अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन एवं गंभीरता के साथ किया जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पूर्व ही पूर्ण रूप से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान बेहतर समन्वय एवं समयबद्ध प्रबंधन के साथ सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाए, ताकि आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सेवा भाव, जनकल्याण और जनभागीदारी की भावना को समर्पित है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इस आयोजन को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ लें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि फरीदाबाद के सेक्टर-15 स्थित कम्युनिटी सेंटर में प्रातः 10 बजे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन का लाइव प्रसारण होगा, जबकि गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे। कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, हरियाणा सरकार में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, फरीदाबाद एनआईटी विधायक सतीश फागना, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, नगर निगम फरीदाबाद की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, नगर निगम चेयरमैन विजय लोहिया, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, बल्लभगढ़ जिला अध्यक्ष सोहन पाल सिंह, पूर्व विधायक टेक चंद शर्मा सहित नगर पालिका/नगर परिषद के अध्यक्ष तथा ब्लॉक समितियों के अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के उपरांत सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा सेक्टर-15 स्थित कम्युनिटी सेंटर से प्रारंभ होकर निर्धारित मार्ग से होते हुए सनफ्लैग चौक पहुंचेगी, जहां सेवा ज्योति को विधिवत स्थापित किया जाएगा।
डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम से संबंधित सभी विभाग अपनी-अपनी ड्यूटी एवं जिम्मेदारियों को समय रहते अंतिम रूप दें तथा आयोजन से पहले कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं की पुनः समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय, समयबद्धता और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाया जाए।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, सीईओ जिला परिषद शिखा, सीटीएम अंकित कुमार, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

