NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

SIR-2026 अभियान में दिन-रात जुटे BLO, घर-घर पहुंचकर कर रहे एन्यूमरेशन फॉर्म बांटने एवं एकत्रित करने का कार्य

– SIR की प्रक्रिया में सहयोग कर, लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाएं नागरिक : जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा

फरीदाबाद, 25 जून।

जिला फरीदाबाद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR-2026) को सफल बनाने के लिए बूथ लेवल अधिकारी (BLO) पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार और जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में जिले के सभी BLO लगातार अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करने, भरे हुए फॉर्म एकत्रित करने तथा आमजन को इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।

जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में BLO सुबह से लेकर देर शाम तक फील्ड में सक्रिय हैं। कई क्षेत्रों में BLO रात्रि के समय भी नागरिकों से संपर्क कर रहे हैं ताकि नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा दिन के समय घर से बाहर रहने वाले परिवारों तक भी आसानी से पहुंच बनाई जा सके। BLO मतदाताओं को SIR-2026 अभियान के महत्व की जानकारी देते हुए उन्हें समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाए और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपना विवरण उपलब्ध कराए। इसके लिए BLO द्वारा आमजन से लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है तथा उनकी शंकाओं का समाधान भी किया जा रहा है। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को लेकर सकारात्मक वातावरण देखने को मिल रहा है और नागरिक भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं।

जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि BLO की अथक मेहनत, अधिकारियों की सतत निगरानी तथा आमजन के सहयोग से SIR-2026 अभियान को निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने नागरिकों से अपील की है कि वे SIR 2026 की प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करें, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाया जा सके।

Related posts

Translate »