IPL 2018, MI vs KXIP LIVE: लोकेश राहुल ने 36 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया..
मुंबई: कीरोन पोलार्ड के 50 रन (23 गेंद, पांच चौके और तीन छक्के) तथा क्रुणाल पंड्या के 32 रन (23 गेंद, एक चौका, दो छक्के) की बदौलत मुंबई इंडियंस आज यहां आईपीएल 2018 के अहम मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 8 विकेट खोकर 186 रन बनाने में सफल रही. वानखेड़े स्टेडियम पर किंग्स इलेवन ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बैटिंग के लिए बुलाया. एक समय मुंबई के प्रारंभिक चार विकेट 10 ओवर के अंदर ही 71 रन तक पहुंचते-पहुंचते गिर गए थे लेकिन पोलार्ड और क्रुणाल की पारी की बदौलत टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही. पंजाब के लिए एंड्रयू टाय ने सर्वाधिक चार और आर. अश्विन ने दो विकेट लिए. मैच में किंग्स इलेवन के सामने 187 रन का लक्ष्य है.जवाब में 11 ओवर के बाद किंग्स इलेवन का स्कोर एक विकेट खोकर 95 रन है. क्रिस गेल आउट हुए है. लोकेश राहुल 50 और एरोन फिंच 25 रन बनाकर क्रीज पर हैं.
मुंबई की पारी: पोलार्ड और क्रुणाल ने खेली तूफानी पारी
मुंबई की पारी सूर्यकुमार यादव और ईविन लेविस ने शुरू की. अंकित राजपूत के पहले ओवर में सात और मोहित शर्मा की ओर से फेंके गए दूसरे ओवर में लेविस ने छक्के सहित 9 रन बने. तीसरे ओवर में सूर्यकुमार ने अंकित को दो छक्के और एक चौका जमाया. इस ओवर में 21 रन बने.पारी के चौथे ओवर में एंड्रयू टॉय ने लेविस (9) को बोल्ड करते हुए पंजाब को पहली सफलता दिलाई. लेविस की जगह ईशान किशन बैटिंग के लिए आए.पारी के 5वें ओवर में मोहित शर्मा को ईशान किशन ने दो छक्के और चौका लगाया. ओवर में 18 रन बने और स्कोर 50 रन के पार जा पहुंचा.छठे ओवर में टाय की लगातार गेंदों पर ईशान किशन (20) और सूर्यकुमार यादव (27) के आउट होने से पंजाब के हौसले बुलंद हो गए.ओवर में केवल तीन रन बने.तीन विकेट गिरने से मुंंबई की रनगति पर कुछ ब्रेक लग गया था.आठवें ओवर में कप्तान अश्विन आक्रमण पर आए, ओवर में पांच रन बने.मुंबई के विकेट लगातार गिर रहे थे. 9वें ओवर में बारी रोहित शर्मा (9) की थी जिन्हें अंकित राजपूत ने युवराज से कैच कराया. रोहित एक बार फिर नाकाम रहे.10 ओवर के बाद मुंबई इंडियंस का स्कोर चार विकेट खोकर 79 रन था.10 ओवर के बाद कुछ टॉवर्स की लाइट बंद होने से खेल कुछ देर रुका रहा.
11वां ओवर अक्षर पटेल ने फेंका, इसमें केवल 6 रन बने.12वें ओवर में क्रुणाल ने स्टोइनिस को लगातार दो छक्के और फिर चौका जड़ते हुए थमे स्कोर को फिर से गति देने की कोशिश की. ओवर में 19 रन बने और स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया.13वें ओवर में बारी पोलार्ड की थी. उन्होंने अक्षर पटेल को छक्का लगाया. ओवर में 12 रन बने.14वें ओवर में पोलार्ड ने अंकित को छक्का और फिर लगातार दो चौके जमाए. मुंबई का स्कोर तेजी से ‘छलांग’ लगा रहा था.15वें ओवर में क्रुणाल (32) की पारी पर विराम लग गया. उन्होंने स्टोइनिस की गेंद पर अंकित राजपूत ने कैच किया.वैसे इस ओवर में पोलार्ड ने दो चौके और एक छक्का लगाया. इसी ओवर में पोलार्ड का अर्धशतक 22 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से पूरा हुआ.16वें ओवर में पोलार्ड (50 रन, 23 गेंद, पांच चौके और तीन छक्के) के आउट होने से पंजाब ने राहत की सांस ली. अश्विन की गेंद पर कैच फिंच ने लपका.पारी के 18वें ओवर में कटिंग (4) को अश्विन की गेंद पर अक्षर पटेल ने लपका. 19वें ओवर में हार्दिक पंड्या भी आउट हो गए. उन्हें 9 रन के निजी स्कोर पर टाय की गेंद पर अश्विन ने कैच किया.पारी का आखिरी ओवर में मोहित शर्मा ने फेंका, जिसमें 11 रन बने. 20 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 8 विकेट पर 186 रन रहा पंजाब के एंड्रयू टाय ने सर्वाधिक चार और कप्तान आर. अश्विन ने दो विकेट लिए.
विकेट पतन: 37-1 (लेविस, 3.1), 59-2 (ईशान, 5.3), 59-3 (सूर्यकुमार, 5.4), 71-4 (रोहित, 8.2), 136-5 (क्रुणाल, 14.2), 152-6 (पोलार्ड, 15.3), 160-7 (कटिंग, 17.4), 170-8 (हार्दिक, 18.2)
किंग्स इलेवन ने जेपी डुमिनी की जगह कीरोन पोलार्ड को प्लेइंग इलेवन में स्थान दिया. दूसरी ओर किंग्स इलेवन ने मयंक अग्रवाल और करुण नायर की जगह युवराज सिंह और मनोज तिवारी को टीम में जगह दी.
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, ईविन लेविस, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, कीरोन पोलार्ड, बेन कटिंग, मिचेल मैकक्लेंघन, मयंक मार्कंडे और जसप्रीत बुमराह.
किंग्स इलेवन पंजाब: आर. अश्विन (कप्तान), लोकेश राहुल, क्रिस गेल, एरोन फिंच, युवराज सिंह, मनोज तिवारी, मार्कस स्टोइनिस, अक्षर पटेल, एंड्रयू टाय, मोहित शर्मा और अंकित राजपूत.

