NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की NSFDC योजना बनी केशवती के परिवार के लिए आर्थिक संबल

फरीदाबाद, 4 अगस्त।
हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा संचालित NSFDC योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी योजना का लाभ लेकर गांव सेढोला निवासी केशवती पत्नी नरेश नाथ ने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार किया है।

श्रीमती केशवती ने बताया कि उनके परिवार में कुल चार सदस्य हैं। सीमित आय के कारण परिवार की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करना कठिन हो रहा था। इसी दौरान उन्हें हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम, फरीदाबाद कार्यालय (कमरा नं. 609, छठी मंजिल, लघु सचिवालय, सेक्टर-12, फरीदाबाद – 121001) के माध्यम से राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (NSFDC) योजना की जानकारी प्राप्त हुई।
उन्होंने नवंबर 2025 में इस योजना के तहत किराना दुकान स्थापित करने के लिए ₹1,00,000 का ऋण प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त निगम द्वारा उन्हें ₹50,000 की सब्सिडी भी प्रदान की गई।

उन्होंने बताया कि प्राप्त आर्थिक सहायता से उन्होंने अपने गांव में किराना दुकान शुरू की, जो आज उनके परिवार की आय का मुख्य स्रोत बन चुकी है। दुकान से होने वाली आय से वे अपने दोनों बच्चों की शिक्षा, स्कूल फीस तथा अन्य आवश्यक खर्चों का वहन आसानी से कर पा रही हैं। साथ ही चार सदस्यीय परिवार का भरण-पोषण भी सुचारु रूप से हो रहा है। उन्होंने बताया कि NSFDC योजना से मिली सहायता ने उनके परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है। पहले जहां परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था, वहीं अब उनका परिवार अधिक सुरक्षित, आत्मनिर्भर और बेहतर जीवन की ओर अग्रसर है।

उनकी सफलता इस बात का उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं की सही जानकारी और समय पर लाभ उठाकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी आत्मनिर्भर बन सकते हैं। हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा संचालित योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान में प्रभावी योगदान दे रही हैं।

Related posts

Translate »