NEWS & PRESS RELEASE NEWS CATEGORIES राष्ट्रीय 

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि निभाएं सक्रिय भूमिका: एडीसी अंजलि श्रोत्रिया

एसआईआर प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए घर-घर सत्यापन अभियान में सहयोग करें नागरिक : एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज

फरीदाबाद, 12 जून।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत आज शुक्रवार को अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ), 86-एनआईटी विधानसभा क्षेत्र अंजलि श्रोत्रिया तथा एसडीएम बल्लभगढ़ सह निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ), 88-बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र द्वारा अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों का उद्देश्य एसआईआर-2026 प्रक्रिया के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अभियान में आरडब्ल्यूए का सक्रिय सहयोग सुनिश्चित करना था।

86-एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए एडीसी एवं ईआरओ अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और इसकी शुद्धता सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने तथा त्रुटिपूर्ण एवं अपात्र प्रविष्टियों का नियमानुसार सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने तथा नागरिकों को समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

वहीं 88-बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बैठक में एसडीएम सह ईआरओ बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया की सफलता के लिए नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं आरडब्ल्यूए का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में बीएलओ को आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाएं तथा लोगों को सही एवं अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए प्रेरित करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाया जा सके।

दोनों बैठकों में अधिकारियों द्वारा आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को एसआईआर-2026 की प्रक्रिया, समय-सीमा तथा विभिन्न चरणों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें बताया गया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से जोड़ना तथा मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।

बैठकों के दौरान आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने निर्वाचन आयोग एवं जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में बैठकों, सूचना पट्टों, सोशल मीडिया समूहों एवं अन्य माध्यमों से नागरिकों को जागरूक करने का भरोसा भी दिलाया।

अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को और अधिक मजबूत एवं सहभागी बनाने का प्रयास है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे एसआईआर-2026 अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा सत्यापन प्रक्रिया में प्रशासन का सहयोग करें।

Related posts

Translate »