न्यायाल हिंदी न्यूज़ 

विवेक विहार में पुलिस के साथ मुठभेड़ में वाहन चोर ढेर, साथी गिरफ्तार

5 जून

दिल्ली के विवेक विहार इलाके में मंगलवार तड़के पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक कथित वाहन चोर की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान नूर मोहम्मद के रूप में हुई है।

डीसीपी (शाहदरा) नुपूर प्रसाद ने बताया कि मुठभेड़ उस वक्त हुई जब एक पुलिस टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान वाहन चोरों ने चुराई गई कार से दो कांस्टेबलों को रौंदने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में नूर मोहम्मद की मौत हो गई। इस दौरान नूर मोहम्मद के साथियों में से एक रवि को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा भागने में कामयाब रहा।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को बाहरी दिल्ली के मियांवली पुलिस स्टेशन में एक फॉर्च्यूनर कार चोरी होने की सूचना मिली थी। गाड़ी में लगे जीपीएस से उसकी लोकेशन विवेक विहार की झिलमिल कॉलोनी में पता चली।

सूचना के बाद वाहन चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने एक जाल बिछाया। इसके लिए पुलिस ने एक टीम गठित की जिसमें बाहरी जिले के पुलिस कर्मी और विवेक विहार पुलिस शामिल थी। पुलिस टीम जीपीएस की मदद से गाड़ी पर नजर रखे हुए थी।

मंगलवार तड़के करीब 3.15 बजे, ब्रेजा कार फॉर्च्यूनर के पास रुक गई और दो लोग इससे नीचे उतर गए और इसे दूर ले जाने की कोशिश करने लगे।

डीसीपी ने कहा कि पुलिस टीम, जो गिरोह की गतिविधियों पर नजर रख रही थी, उसने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन एक व्यक्ति ने ब्रेजा कार के अंदर से पुलिस कर्मियों पर फायरिंग कर दी और यमुना स्पोर्ट्स सेंटर की ओर भाग गए।

इस दौरान पुलिस ने रवि को मौके पर ही दबोच लिया और उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्तौल को जब्त कर लिया।

इस बीच फॉर्च्यूनर की ड्राइविंग सीट पर बैठे नूर मोहम्मद ने वहां से बचकर भागने की कोशिश में कांस्टेबल देवेंद्र और जसवंत के ऊपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन आत्मरक्षा में पुलिसकर्मियों द्वारा चलाई गई गोली नूर मोहम्मद को लग गई। गोली लगने से घायल नूर मोहम्मद को पुलिस टीम तुरंत जीटीबी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डीसीपी ने कहा कि इस संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा मजिस्ट्रेट को भी सूचित कर दिया गया है।

Related posts

Translate »