जन सुरक्षा और वित्तीय समावेशन योजनाओं पर विशेष शिविर का आयोजन
फरीदाबाद, 03 जुलाई।
उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में और अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान की देखरेख में जिला फरीदाबाद में 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक ग्राम पंचायत (जीपी) स्तर पर चलाए जा रहे एफआई (फाइनेंशियल इनक्लूजन) योजनाओं के संतृप्ति अभियान के तहत आज बैंक ऑफ इंडिया, नचोली शाखा द्वारा ग्राम राजपुर कलां में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस विशेष शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकार की प्रमुख वित्तीय समावेशन योजनाओं की जानकारी देना और उनका अधिकतम लाभ दिलवाना रहा। शिविर में प्रधानमंत्री जनधन योजना (PMJDY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), अटल पेंशन योजना (APY) सहित निष्क्रिय जनधन खातों को सक्रिय करने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
शिविर में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखी गई और बड़ी संख्या में लोगों ने इन योजनाओं से जुड़ने की रुचि दिखाई। विशेषज्ञों की टीम ने योजनाओं की पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया और जागरूक उपयोग के तरीकों को सरल भाषा में समझाया, जिससे ग्रामीण समुदाय में उत्साह देखा गया। इस अवसर पर डिजिटल धोखाधड़ी की रोकथाम पर एक विशेष सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें साइबर सुरक्षा से जुड़े खतरों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम पिन जैसी संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा न करें और संदेहास्पद कॉल्स या मैसेज का जवाब न दें।
शिविर में कुल 8 लोगों ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) और 14 लोगों ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) के अंतर्गत नामांकन कराया। इसके अतिरिक्त 6 लोगों ने अटल पेंशन योजना (APY) के अंतर्गत पंजीकरण कराया। वित्तीय समावेशन के तहत 5 नए बैंक खाते प्रधानमंत्री जनधन योजना (PMJDY) के अंतर्गत खोले गए तथा 7 खाताधारकों का पुनः केवाईसी (Re-KYC) पूरा किया गया। वहीं, लंबित नामांकन अद्यतन कार्यों के अंतर्गत 2 खातों में नामांकन अद्यतन किया गया।
बैंक ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित यह शिविर न केवल वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने का प्रयास था, बल्कि प्रधानमंत्री की समावेशी वित्तीय सेवाओं तक हर नागरिक की पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में एक सशक्त कदम भी सिद्ध हुआ।

