बाल विवाह रोकने के लिए पुलिस हेल्पलाइन 112 पर करने की अपील : डीसी
– बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बल्लभगढ़ के स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
फरीदाबाद, 19 दिसंबर।
भारत सरकार के बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आज वीरवार को उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आज राजकीय माध्यमिक विधालय डीग बल्लभगढ़ सहित अन्य कई स्कूलों में बाल विवाह के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को यह संकल्प भी दिलाया गया कि वे किसी भी परिस्थिति में बाल विवाह नहीं करवाएंगे और न ही होने देंगे। साथ ही जागरूकता कार्यक्रमों में उन्होंने छात्र-छात्राओं को बाल विवाह न करने की शपथ भी दिलाई गयी।
कार्यक्रम के दौरान हेमा कौशिक ने बाल विवाह से उत्पन्न होने वाले सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी गंभीर दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कम उम्र में विवाह से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास बाधित होता है, शिक्षा अधूरी रह जाती है तथा विशेषकर बालिकाओं के स्वास्थ्य पर इसके दूरगामी नकारात्मक प्रभाव पड़ते हैं। बाल विवाह न केवल बच्चों के भविष्य को अंधकारमय बनाता है, बल्कि पूरे समाज के विकास में भी बाधा उत्पन्न करता है।
बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के उन्मूलन के उद्देश्य से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के अंतर्गत लागू कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने स्पष्ट रूप से बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है तथा इसमें संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि कानून की सही जानकारी और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से ही बाल विवाह जैसी कुप्रथा को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी नागरिकों एवं विद्यार्थियों को यह संकल्प दिलाया गया कि वे स्वयं कभी बाल विवाह नहीं करेंगे और न ही अपने आसपास अथवा क्षेत्र में किसी भी परिस्थिति में बाल विवाह होने देंगे।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई और उन्हें सामाजिक बदलाव का सक्रिय भागीदार बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भावी पीढ़ी को जागरूक कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना रहा।
हेमा कौशिक ने यह भी अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिले, तो उसे तत्काल रोकने का प्रयास करें और निकटतम पुलिस थाना या चौकी को सूचित करें। इसके अतिरिक्त पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल करके भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

