यदि माल्या ऋण वापस करना चाहते, तो उनके पास बहुत समय था : एमजे अकबर
विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर ने कहा कि देश छोड़कर भाग चुके शराब व्यवसायी विजय माल्या यदि अपना बैंक ऋण चुकाना चाहते थे, तो उनके पास ऐसा करने के लिए बहुत साल का समय था. संवाददाताओं से बातचीत में अकबर ने कहा, ‘‘यदि माल्या बैंकों को भुगतान करना चाहते थे, तो मेरे हिसाब से ऐसा करने के लिए उनके पास बहुत-बहुत साल थे.’’अकबर ने एक सवाल के जवाब में यह बात कही. उनसे पूछा गया था कि माल्या ने अपनी ऋण देनदारियों को चुकाने का प्रयास किया था लेकिन वह हालात के शिकार बन गए. उल्लेखनीय है कि माल्या बैंकों के 9,000 करोड़ रुपये के ऋण चूक मामले में भारत में वांछित हैं. इस मामले पर आज अपनी दो साल की चुप्पी तोड़ते हुए माल्या ने कहा कि वह बैंक धोखाधड़ी मामलों के ‘पोस्टर बॉय’ बन गए हैं और इसे लेकर जनता के बीच गुस्सा है. वह ऐसे मामले में अपने बकाया को निपटाने के लिए कुछ नहीं कर सकते जो ‘राजनीति से प्रेरित और हस्तक्षेप करने वाला है.’ माल्या इन दिनों ब्रिटेन में प्रत्यर्पण मामले की सुनवाई का सामना कर रहे हैं.

