धवन के बाद विजय भी शतक के करीब, बारिश ने डाला खलल
बेंगलुरू , 14 जून (भाषा) शिखर धवन ने अफगानिस्तान को लंबे प्रारूप के शुरू में ही आज यहां कड़ा सबक सिखाया जबकि दूसरा सत्र मुरली विजय की कलात्मक बल्लेबाजी का गवाह बना जिससे भारत ने इस एकमात्र टेस्ट मैच के पहले दिन बारिश के कारण समय से पहले लिये गये चाय के विश्राम तक एक विकेट पर 248 रन बनाये। धवन ने अफगानिस्तान के अनुभवहीन गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक तेवर अपनाये और 96 गेंदों पर 107 रन बनाये। विजय भी दूसरे सत्र में शतक के करीब पहुंच गये। वह अभी 94 रन बनाकर खेल रहे हैं। इन दोनों ने पहले विकेट के लिये 28.4 ओवर में 168 रन जोड़कर टास जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिये उतरे भारत को मजबूत शुरुआत दिलायी।धवन ने इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच के शुरू में ही नया इतिहास भी रचा। वह किसी टेस्ट मैच के शुरुआती दिन लंच से पहले शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गये हैं। विश्व स्तर पर उनसे पहले सर डॉन ब्रैडमैन , विक्टर ट्रंपर , चार्ली मैकार्टनी , माजिद खान और डेविड वार्नर ही यह कारनामा कर पाये थे। टीम में शामिल तीसरे विशेषज्ञ सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने धवन के आउट होने के बाद क्रीज पर कदम रखा। वह अभी 33 रन बनाकर खेल रहे हैं। अफगानिस्तान के कोच फिल सिमन्स ने मैच से पहले कहा था कि उनके खिलाड़ियों को मैदान पर उतरने के बाद ही असलियत पता चलेगी और यहां ऐसा देखने को भी मिला। उसके युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भारत के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने कड़ा सबक सिखाटी 20 के स्टार राशिद खान (14 ओवर में 89 रन) को धवन ने शुरू से निशाने रखा। उन्होंने इस लेग स्पिनर पर तीन चौके लगाकर अपना पचासा पूरा किया। बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने राशिद पर ही कवर ड्राइव से चौका जड़कर अपना सातवां टेस्ट शतक पूरा किया। दूसरे छोर पर विजय ने अपनी रक्षात्मक तकनीक से भी अपना पहला टेस्ट खेल रहे अफगानिस्तान को हताश किया। धवन ने दूसरे सत्र के शुरू में आउट होने से पहले आईपीएल में खेलने वाले अफगानिस्तान के तीनों खिलाड़ियों राशिद , मोहम्मद नबी और मुजीब उर रहमान पर छक्के जड़े। धवन ने कुल मिलाकर 19 चौके और तीन छक्के लगाये। धवन की पारी का अंत आखिर में यामिन अहमदजई ने किया। उनकी मूव लेती गेंद धवन के बल्ले का किनारा लेकर कप्तान अशगर स्टेनिकजई के पास गयी जो उनके हाथों से छिटक गयी लेकिन मोहम्मद नबी ने उसे कैच में बदल दिया। पहले दो सत्र में 45 ओवरों में 37 चौके और चार छक्के लगे जिससे साफ जाहिर होता है कि अफगानिस्तान की असली परीक्षा अभी शुरू हुई है और उसे अभी लंबा रास्ता तय करना है। अफगानिस्तान के गेंदबाज विशेषकर स्पिनर जूझते हुए नजर आए जिन्होंने लाल गेंद को सीधा फेंका। जब भी राशिद या मुजीब ने गेंद को फ्लाइट देने की कोशिश की तो धवन ने आगे बढ़कर उस पर शाट जमा दिया।

