एएफआई का पांच साल में 1000 आईएएएफ क्वालीफाइड कोच तैयार करने का लक्ष्य
नयी दिल्ली , 20 जून : भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने (एएफआई) जमीनीं स्तर पर खेलों की दिशा में सुधार लाने के लिए अगले पांच वर्षों में ने 1,000 आईएएएफ लाइसेंस – धारी कोच तैयार करने का लक्ष्य रखा है।
एएफआई इसे ‘‘ उच्च प्रभाव ’’ वाला कदम बता रहा है जिसके तहत उसने पिछले महीने पांच शहरों में लेवल एक के नौ पाठ्यक्रम की योजना पर काम शुरू किया है। इन सभी पाठ्यक्रम में 24 प्रतिभागी होते है। चेन्नई , रांची , ग्वालियर और पटियाला में ऐसे चार पाठ्यक्रम पूरे हो चुके हैं।
चेन्नई , रांची , ग्वालियर , पटियाला और गुवाहाटी में पांच अन्य पाठ्यक्रम का आयोजन सितंबर – अक्तूबर में होगा।
राष्ट्रीय एथलेटिक्स के मुख्य सहायक कोच राधाकृष्णन नायर ने पीटीआई से कहा , ‘‘ हमारे पास अभी 40 से भी कम आईएएएफ क्वालीफाइड कोच हैं। हम अपनी प्रणाली के मुताबिक चल रहे है और ज्यादातर कोच एनआईएस जैसी राष्ट्रीय संस्था (सरकार द्वारा संचालित) से डिप्लोमा धारक हैं। ’’
देश के सबसे क्वालीफाइड कोच में से एक नायर ने कहा , ‘‘ हम व्यवस्थित दृष्टिकोण को नहीं अपना पा रहे है और हमें शुरुआत से शुरू करना होगी। हमें उम्मीद है कि इन पाठ्यक्रमों से इस साल कम से कम 200 कोच तैयार होंगे। इस पाठ्यक्रम का संचालन हर साल किया जायेगा और हमारा लक्ष्य पांच साल में 1000 आईएएएफ लेवल एक के लाइसेंस धारी कोच को तैयार करने का हैं। ’’

