पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की मृत्यु से संबंधित फाइलों को किया जाए सार्वजनिक : अनिल शास्त्री
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पुत्र और कांग्रेस नेता अनिल शास्त्री ने शुक्रवार को मांग रखी कि राजग सरकार को उनके पिता की मृत्यु से संबंधित सभी दस्तावेजों को सार्वजनिक करना चाहिये. उनका कहना था कि ऐसा इसलिए भी किया जाना चाहिए ताकि जिन परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हुई उसको लेकर सभी तरह की शंकाएं दूर हो सकें. गौरतलब है कि अनिल शास्त्री ने यह बात एक किताब के विमोचन के मौक पर कही.शास्त्री ने इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम चाहते हैं कि शास्त्रीजी की मौत से संबंधित सभी दस्तावेज सार्वजनिक हों.
ध्यान हो कि लाल बहादुर शास्त्री की 11 जनवरी 1966 को ताशकंद में पाकिस्तान के साथ ताशकंद समझौते पर हस्ताक्षर करने के तुरंत बाद मृत्यु हो गई थी. यह कहा गया कि शास्त्री का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ, हालांकि उस समय उनके परिवार ने उनकी मौत में कुछ गड़बड़ होने का संदेह जताया था. अनिल शास्त्री ने कहा कि जिस तरीके से उनकी मौत हुई उसके बारे में काफी बातें कही गई हैं. कल भी दिल्ली हवाई अड्डे पर एक व्यक्ति मेरे पास आया और मुझसे पूछा कि कैसे मेरे पिता की मृत्यु हुई थी. परिवार के सदस्यों और आम जनता को अब भी संदेह है
क्योंकि जिन परिस्थितियों में शास्त्रीजी की मृत्यु हुई वो असामान्य थीं. उन्होंने कहा कि 1977 में गठित राज नारायण समिति के निष्कर्षों को भी सार्वजनिक किया जाना चाहिये.

